दिल्ली में 45 डिग्री के करीब पहुंचा पारा, येलो अलर्ट जारी, 29 मई को राहत की संभावना

नयी दिल्ली, 27 मई (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंचने के बाद मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। राजधानी सहित उत्तर भारत के बड़े हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब बना रह सकता है और 28 मई से पहले राहत की संभावना कम है। महीने के अंत तक पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश के साथ तापमान में गिरावट आ सकती है।

आईएमडी के मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार विदर्भ क्षेत्र देश के सबसे अधिक गर्म इलाकों में बना हुआ है। ब्रह्मपुरी में तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस और नागपुर में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने वर्धा, अमरावती और चंद्रपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और अगले दो दिनों तक गंभीर हीटवेव की चेतावनी दी है। विभाग ने कहा कि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और तेलंगाना के कई हिस्सों में भी लू से गंभीर लू की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिम राजस्थान और मध्य भारत के कुछ क्षेत्रों में तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।

तेलंगाना के 10 जिलों में भी हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोठागुडेम और खम्मम जिलों में गंभीर लू चलने की आशंका जताई गई है।
आईएमडी ने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में 29 मई के बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और लंबे समय तक खुले में काम करने से परहेज करने की सलाह दी है।

.....

Next Post

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव

Wed May 27 , 2026
मुंबई, 27 मई (वार्ता) विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुरआती कारोबार में उतार-चढ़ाव देखा गया। बीएसई का सेंसेक्स 69.84 अंक नीचे 75,939.86 अंक पर खुला, लेकिन फिर कुछ देर के लिए हरे निशान में चला गया और 76,137.53 अंक तक मजबूत रहा। इसके बाद […]

You May Like