सिंगरौली : जिला चिकित्सालय बैढ़न में जल्द ही नए ब्लड बैंक की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होता दिखाई दे रहा है। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा द्वारा की गई पहल के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है।सांसद ने स्वयं इसकी जानकारी देते हुए कहा कि विगत माह डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल से मुलाकात कर जिला चिकित्सालय बैढ़न में आधुनिक ब्लड बैंक स्थापित करने की मांग रखी थी, जिस पर अब सकारात्मक कार्रवाई प्रारंभ हो गई है।
सांसद ने 28 मई को उपमुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बताया था कि लगभग 400 बिस्तरों वाले जिला चिकित्सालय बैढ़न में अब तक समुचित ब्लड बैंक की सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया था कि गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं, थैलेसीमिया, सिकल सेल एवं एनीमिया से पीड़ि़त मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए नए ब्लड बैंक की स्थापना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इसके लिए लगभग 1 करोड़ 96 लाख 71 हजार 598 रुपये की स्वीकृति एवं बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।
सांसद के पत्र के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एनएचएम, म.प्र. की मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना ने 10 जुलाई को पत्र जारी कर अवगत कराया कि जिला चिकित्सालय एवं चिकित्सा महावि. में ब्लड सेंटर एवं कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की स्थापना आवश्यक है। पत्र में यह भी उल्लेख है कि कलेक्टर को 18 जून को आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था डीएमएफ एवं सीएसआर फंड से कराने के संबंध में पत्र भेजा गया था, जिस पर कलेक्टर ने सहमति प्रदान की है। सांसद ने विश्वास जताया कि सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही जिला चिकित्सालय बैढ़न में नए ब्लड बैंक की स्थापना होगी।
