जर्जर स्कूल भवन ढहाते समय गिरा छत, दो दबे, एक श्रमिक की मौत, दूसरा गंभीर

जबलपुर। पाटन थाना अंतर्गत कनतोरा में सोमवार को शासकीय प्राथमिक शाला के एक पुराने और जर्जर भवन को तोडऩे के दौरान अचानक उसकी छत भरभरा कर गिर गई। इस मलबे की चपेट में आने से वहाँ कार्य कर रहे दो मजदूर बुरी तरह दब गए। अस्पताल में इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई, वहीं दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पाटन एसडीओपी लोकेश डाबर ने बताया कि कनतोरा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का एक हिस्सा लंबे समय से अत्यंत जर्जर और खतरनाक स्थिति में था। सोमवार दोपहर दो मजदूर इस जर्जर ढांचे को गिराने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक छत ढह गई। भारी-भरकम मलबे के नीचे दोनों मजदूर दब गए। धमाके और चीख-पुकार की आवाज सुनकर स्कूल परिसर और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। घटना की सूचना मिलते ही पाटन पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस बल ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे को हटाया और दोनों लहूलुहान मजदूरों को बाहर निकाला। दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जबलपुर रेफर किया गया जहां मनोज उर्फ बाबू प्रजापति पिता स्व. हल्के लाल प्रजापति (45) निवासी नूनसर पाटन ने दम तोड़ दिया जबकि दूसरा मजदूर पवन रैकवार पिता स्वर्गीय मलखान रैकवार (30) निवासी ग्राम कनतोरा हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। जिसका इलाज जारी है ।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी

इस हादसे ने सरकारी निर्माण कार्यों और जर्जर भवनों को गिराने के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों की माने तो प्राथमिक दृष्टि में यह बात सामने आ रही है कि मजदूरों के पास सुरक्षा के पर्याप्त उपकरण नहीं थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस बात की जांच कर रहा है कि भवन को ढहाने का ठेका या अनुमति किस स्तर पर दी गई थी और इसमें किसकी लापरवाही रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

Next Post

मानसिक स्वास्थ्य एवं रुचियों के विकास पर जागरूकता कार्यक्रम

Mon Jul 6 , 2026
ग्वालियर। माधव विधि महाविद्यालय में नेशनल टास्क फोर्स के निर्देशानुसार विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं रुचियों के विकास विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नवनीत पचौरी ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि […]

You May Like