
सारनी। सरदार विष्णुसिंह उईके शासकीय महाविद्यालय सारनी में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण को केंद्र में रखते हुए शनिवार को प्रभावशाली संगोष्ठी, पीयर सपोर्ट ग्रुप मीटिंग एवं साइकोलॉजिकल काउंसलिंग कैम्प का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आयुक्त उच्च शिक्षा भोपाल के निर्देश तथा राष्ट्रीय टास्क फोर्स (एनटीएफ) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हुआ।
प्राचार्य प्रदीप पंद्राम ने “बात करें, बोझ हल्का करें” विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन और अनुशासन का महत्व बताया। उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों का उल्लेख करते हुए युवाओं को समाज सुधार में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने तनाव प्रबंधन, डिजिटल सुरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं तथा आपसी सहयोग की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। काउंसलरों द्वारा विद्यार्थियों को समस्याओं की पहचान कर उनका समयबद्ध समाधान करने की सलाह दी गई। साथ ही पीयर ग्रुप के माध्यम से अध्ययन सामग्री एवं छात्रवृत्ति संबंधी जानकारी साझा करने पर जोर दिया गया।विद्यार्थियों ने भी अनुभव साझा, कविता एवं भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम को जीवंत बनाया। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
