हर जल स्रोत हमारे लिए मां गंगा के समान, संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी: जामोद

सीधी। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जल स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम के तहत रामपुर नैकिन स्थित दसौंधा तालाब बूढ़ी माता मंदिर परिसर में भव्य श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर जल संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।

इस अवसर पर कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रभावी अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य केवल जल स्रोतों का संरक्षण ही नहीं बल्कि समाज में प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्थल पर श्रमदान करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है और यह केवल श्रमदान नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत के संरक्षण का संकल्प है। कमिश्नर ने कहा कि हर जल स्रोत हमारे लिए मां गंगा के समान है इसलिए इनकी सेवा और संरक्षण श्रद्धा के साथ किया जाना चाहिए। जल है तो जीवन है केवल एक संदेश नहीं बल्कि वर्तमान और भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एक समय था जब गांवों में कुओं से सहज रूप से पर्याप्त जल उपलब्ध हो जाता था लेकिन आज जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है और कई स्थानों पर 100 फीट से अधिक गहराई में भी पानी नहीं मिल रहा। यह स्थिति संकेत देती है कि यदि हम अभी नहीं चेते तो आने वाली पीढिय़ों को जल संकट का गंभीर सामना करना पड़ेगा। कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि जल संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के हर नागरिक का दायित्व है। इस अभियान को जन आंदोलन बनाकर ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। सीधी जिले को विकसित, समृद्ध और जल सुरक्षित बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। कार्यक्रम के दौरान कमिश्नर बीएस जामोद ने उपस्थित जनसमूह को जनगणना की शपथ भी दिलाई और सभी से जनगणना कार्य में सही एवं पूर्ण जानकारी देकर सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।

श्रमदान कार्यक्रम में इनकी रही सहभागिता

श्रमदान कार्यक्रम में नगर परिषद रामपुर नैकिन के अध्यक्ष राम कुमार साहू, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, कार्यपालन यंत्री नगरीय प्रशासन हरिशंकर मिश्रा, एसडीएम रामपुर नैकिन विकास आनंद, संभागीय समन्वयक जन अभियान परिषद प्रवीण पाठक, जिला समन्वयक मुकेश गौर सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में युवा सहभागी बने।

Next Post

उत्तर प्रदेश में अब गर्मी होगी प्रचंड, चलेगी लू

Wed May 13 , 2026
लखनऊ, 13 मई (वार्ता) पिछले दिनो आंधी बारिश के कारण उत्तर प्रदेश में गर्मी के तेवर में नरमी आने से राहत महसूस कर रहे लोगों को एक बार फिर प्रचंड गर्मी और लू के लिये तैयार रहना होगा। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले एक सप्ताह के दौरान मौसम के […]

You May Like