इंदौर:एमआईजी थाना क्षेत्र में रहने वाली कॉलेज छात्रा श्रद्धा तिवारी शनिवार दोपहर अचानक घर से लापता हो गई. परिजनों ने बताया कि वह बिना मोबाइल फोन लिए ही घर से निकल गई थी. देर शाम तक वापस न लौटने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई. शुरुआती जांच में सामने आया कि परिजनों की डांट-फटकार से नाराज होकर श्रद्धा घर से निकल गई थी. पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनमें वह लोटस कॉलोनी और एमआर 10 की ओर जाती नजर आ रही है.
परिजनों ने शक जताया कि श्रद्धा एक इंजीनियर युवक सार्थक के संपर्क में थी और शायद वही उसे लेकर गया हो. पुलिस ने सार्थक से पूछताछ की, लेकिन उसने बताया कि पिछले 15 दिनों से दोनों की कोई बातचीत नहीं हुई थी. मोबाइल डिटेल की जांच में भी खास जानकारी हाथ नहीं लगी. छात्रा की सहेली ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले श्रद्धा ने आत्महत्या का प्रयास किया था.
उस घटना के बाद परिजनों ने उसकी पिटाई की थी, जिससे वह आहत थी और घर छोड़कर चली गई. उधर, छात्रा के लापता होने के बाद सोशल मीडिया पर कई भ्रामक पोस्ट वायरल हो रही हैं. कुछ में इसे पुरानी घटनाओं से जोड़कर पेश किया जा रहा है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामला रहस्यमय नहीं बल्कि पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है। फिलहाल श्रद्धा की तलाश तेज कर दी गई है.
