नयी दिल्ली 26 अगस्त ( वार्ता ) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने दिल्ली के दरियागंज इलाके में एक निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत का एक हिस्सा गिरने से तीन मजदूरों की मौत की घटना संबंधी मीडिया की रिपोर्ट पर स्वत संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किए हैं।
मीडिया के अनुसार 20 अगस्त की इस घटना में तीन मजदूरों की मृत्यु हो गई और कई अन्य बाल-बाल बचे। मृतक बिहार के प्रवासी श्रमिक थे।
आयोग ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि उसने समाचार रिपोर्ट की विषयवस्तु की जाँच की है और यदि यह सत्य है, तो मानवाधिकार उल्लंघन का गंभीर मुद्दा उठाती है।
आयोग ने मुख्य सचिव, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार, नगर निगम आयुक्त और मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट माँगी है।
विज्ञप्ति में 21 अगस्त को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार , घटना के समय लगभग 15 मज़दूर घटनास्थल पर मौजूद थे। इमारत के मालिक और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

