इंदौर: यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने शहरभर में सघन अभियान चलाया. इस दौरान नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े 151 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जो मार्ग अवरुद्ध कर रहे थे और कई जगह जाम की स्थिति बना रहे थे.ट्रैफिक पुलिस शहर में सुव्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चला रही है.
जिसके तहत प्रमुख बाजार क्षेत्रों, व्यस्त सड़कों और अहम चौराहों पर विशेष चेकिंग की गई. टीमों ने मौके पर पहुंचकर गलत तरीके से खड़े ऑटो, ई-रिक्शा, कार और बसों के चालान बनाए तथा रास्ता बाधित कर रहे वाहनों को हटवाया. पुलिस ने स्थानीय दुकानदारों और संस्थानों को भी निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने की हिदायत दी.
कई स्थानों पर एनाउंसमेंट कर लोगों को समझाया कि गलत पार्किंग से न सिर्फ आमजन को परेशानी होती है, बल्कि आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं. ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें, बाजार और अस्पताल क्षेत्रों सहित व्यस्त मार्गों के आसपास अनधिकृत पार्किंग से बचें और यातायात नियमों का पालन कर शहर की यातायात व्यवस्था में सहयोग दें.
