नयी दिल्ली 26 अगस्त (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मोदी सरकार पर जाँच एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार उनकी पार्टी के पीछे पड़ गई है।
श्री केजरीवाल ने कहा, “आप नेता सौरभ भारद्वाज के घर ईडी की रेड मोदी सरकार द्वारा एजेंसीज के दुरुपयोग का एक और मामला है। मोदी सरकार आम आदमी पार्टी के पीछे पड़ गई है। जिस तरह “आप” को टारगेट किया जा रहा है, ऐसे इतिहास में किसी पार्टी को नहीं किया गया।”
उन्होंने कहा, “आप को इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि मोदी सरकार की गलत नीतियों और भ्रष्ट कामों के ख़िलाफ़ सबसे मुखर आवाज “आप” की है। मोदी सरकार हमारी आवाज दबाना चाहती है। ये कभी नहीं होगा। आप भाजपा की इन छापों से डरने वाली नहीं। हम हमेशा की तरह देश हित में ग़लत नीतियों और भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाते रहेंगे।
आप नेता आतिशी ने कहा, “आज सौरभ जी के यहाँ रेड क्यों हुई? क्योंकि पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री पर सवाल उठ रहे हैं — क्या श्री मोदी की डिग्री फर्जी है? इस चर्चा से ध्यान हटाने के लिए ही छापेमारी की गई है। जिस समय का केस बताया जा रहा है, उस समय सौरभ भारद्वाज मंत्री भी नहीं थे। यानी पूरा केस ही झूठा है।”
उन्होंने कहा सत्येंद्र जैन को भी तीन साल जेल में रखकर आखिरकार केन्द्रीय जांच ब्यूरो और ईडी को क्लोज़र रिपोर्ट देनी पड़ी। इससे साफ़ है कि आप के नेताओं पर लगाए गए सारे केस सिर्फ झूठ और राजनीति से प्रेरित हैं।”

