
जबलपुर। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश अब बच्चों की चित्रकला में भी नजर आने लगा है। पश्चिम मध्य रेल के डब्ल्यूएसईसी केजी/हाई स्कूल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत 24 सितंबर को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने आकर्षक चित्रों के जरिए गीले, सूखे, सैनिटरी और विशेष कचरे को अलग-अलग रखने तथा निर्धारित रंगों के कूड़ेदानों के उपयोग का संदेश दिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 और कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करना रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 25 सितंबर को आयोजित समारोह में विशिष्ट उपहार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार रावत रहे। इस अवसर पर मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एस.एस. पाराशर, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर प्रज्ञेश निम्बालकर, के.एस. त्यागी, सचिव, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर, प्रधानाचार्य आशा अवस्थी सहित शिक्षक, रेल कर्मचारी और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
