एफपीआई ने अगस्त में बाजार से निकाले 6,455 करोड़ रुपये

मुंबई 24 अगस्त (वार्ता) विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने अगस्त में अब तक भारतीय पूंजी बाजार से 6,455 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है।

खास बात यह है कि एफपीआई एक तरफ जहां इक्विटी में बिकवाली कर रहे हैं वहीं वे डेट और म्यूचुअल फंड खरीद रहे हैं।

सीडीएसएल के आंकड़ों के अनुसार, एफपीआई ने 22 अगस्त तक शुद्ध रूप से 22,040 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची है। दूसरी तरफ, डेट में उनका निवेश 14,073 करोड़ रुपये बढ़ गया है। हाइब्रिड इंस्ट्रूमेंट में उन्होंने 63 करोड़ रुपये लगाये हैं। म्यूचुअल फंड में उन्होंने 1,449 करोड़ रुपये की शुद्ध लिवाली की।

यह लगातार तीसरा महीना है जब एफपीआई बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। इससे पहले जुलाई में उन्होंने 5,261 करोड़ रुपये और जून में 7,769 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की थी। इस साल मार्च और मई को छोड़कर शेष सभी महीनों एफपीआई ने बाजार से निकासी की है।

पूरे कैलेंडर वर्ष में एफपीआई ने शुद्ध रूप से भारतीय पूंजी बाजार से 57,859 करोड़ रुपये निकाले हैं।

 

Next Post

छत्तीसगढ़ में बाइक के ट्रक से टकराने से दो युवकों की मौत

Sun Aug 24 , 2025
रायपुर 24 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ में रायपुर जिले के थाना गोबरा नवापारा क्षेत्र के ग्राम नवागांव (ल) में शनिवार देर रात नवा रायपुर की ओर से आ रही तेज़ रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई जिससे बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। […]

You May Like