नयी दिल्ली, 29 मई (वार्ता) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल न्यूयॉर्क प्रवास के दौरान कई उच्च स्तरीय व्यापार और निवेश संबंधी बैठकों में शामिल हुए जिनका मुख्य उद्देश्य भारत-अमेरिका व्यापार और निवेश संबंध को मजबूत करना था।
वाणिज्य मंत्रालय की शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री गोयल कनाडा की अपनी तीन दिन की यात्रा समाप्त कर 28 मई को न्यूयार्क पहुंचे। श्री गोयल ने न्यूयार्क प्रवास के दौरान कार्लाइल ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हार्वे श्वार्ट्ज, मॉर्गन स्टेनली के अध्यक्ष एवं सीईओ टेड पिक, वारबर्ग पिंक्स के अध्यक्ष चार्ल्स केय, एमनील फार्मास्यूटिकल्स के सह-संस्थापक एवं सीईओ चिंटू पटेल तथा मास्टरकार्ड के सीईओ माइकल मीबाक के साथ अलग-अलग बैठकें कीं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इन चर्चाओं का मुख्य उद्देश्य भारत-अमेरिका व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत करना, भारत में वैश्विक व्यवसायों के लिए अवसरों का विस्तार करना, आपूर्ति शृंखला की मजबूती बढ़ाना तथा वित्तीय सेवाओं, स्वास्थ्य सेवा, डिजिटल भुगतान, विनिर्माण, नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाना था। चर्चाओं में भारत के एक आकर्षक वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में तेजी से उभरने पर भी विशेष जोर दिया गया।
श्री गोयल ने भारत-अमेरिका रणनीतिक भागीदारी के सहयोग से आयोजित एक व्यावसायिक संवाद कार्यक्रम में निवेश और व्यापार समुदाय के 50 से अधिक प्रमुख उद्योगपतियों एवं व्यापारिक नेताओं को भी संबोधित किया। इस संवाद के दौरान भारत की मजबूत आर्थिक विकास यात्रा, जारी आर्थिक सुधारों, कारोबार सुगमता, सहयोग की संभावनाओं वाले क्षेत्रों तथा विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में उभरते निवेश अवसरों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया। इन बैठकों और संवादों ने भारत की आर्थिक संभावनाओं को लेकर वैश्विक विश्वास को और मजबूत किया तथा भारत और अमेरिका के बीच उद्योग-से-उद्योग सहयोग को गहरा करने के महत्व को पुनः रेखांकित किया।
