कमजोर मानसून की भविष्यवाणी के बाद लुढ़के शेयर बाजार, प्रमुख सूचकांकों में डेढ़ फीसदी की गिरावट

मुंबई, 29 मई (वार्ता) मौसम विभाग द्वारा इस साल मानसून के कमजोर रहने की भविष्यवाणी से घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को गिरावट देखी गयी और प्रमुख सूचकांक डेढ़ फीसदी टूट गये।

बढ़त में खुलने का बाद सेंसेक्स 1,092.06 अंक (1.44 प्रतिशत) लुढ़ककर 13 मई के बाद के निचले स्तर 74,775.74 अंक पर बंद हुआ। हालांकि आईटी कंपनियों में लिवाली ने दोपहर तक सूचकांक को हरे निशान में बनाये रखा, लेकिन इसके बाद बिकवाली का जोर बढ़ गया।

सेंसेक्स ऊपर 76,220 अंक और नीचे 74,589 अंक तक गया। इस प्रकार एक ही दिन में 1,631 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 359.40 अंक यानी 1.5 प्रतिशत नीचे 23,547.75 अंक पर आ गया। यह 20 मई के बाद का इसका निचला स्तर है।

भारतीय मौसम विभाग ने आज बताया कि इस साल मानसून सीजन में दीर्घावधि औसत के 90 प्रतिशत के आसपास बारिश होने की उम्मीद है, यानी मानसून औसत से कम रहेगा। कमजोर मानसून की चिंता में बाजार में बिकवाली शुरू हो गयी।

वृहत बाजार में भी गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.49 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.85 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

आईटी (0.60 प्रतिशत की बढ़त) को छोड़कर सभी सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में रहे। तेल एवं गैस, धातु, ऑटो, बैंकिंग, वित्त, एफएमसीजी, फार्मा, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों में बिकवाली ज्यादा देखी गयी।

एनएसई में जिन 3,422 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,171 के शेयर लाल निशान में और 1,145 के हरे निशान में बंद हुए। अन्य 106 कंपनियों के शेयर दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अपरिवर्तित बंद हुए।

सेंसेक्स की 30 में से 26 कंपनियों के शेयर टूट गये। चौथी तिमाही में 2,537 करोड़ रुपये का नुकसान उठाने के बात सामने आने के बाद इंडिगो का शेयर 3.55 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

पावर ग्रिड का शेयर 3.46 प्रतिशत, एनटीपीसी का 2.86, बजाज फाइनेंस का 2.82, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा स्टील दोनों का 2.72, सन फार्मा का 2.39, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 2.36, इटरनल का 2.20, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 2.18 और अल्ट्राटेक सीमेंट का 2.07 प्रतिशत गिर गया।

बीईएल में 1.94 प्रतिशत, मारुति सुजुकी में 1.84, एचडीएफसी बैंक में 1.81, आईटीसी में 1.71, टाइटन में 1.58, आईसीआईसीआई बैंक में 1.32, बजाज फिनसर्व में 1.31, एक्सिस बैंक और टीसीएस दोनों में 1.19, भारती एयरटेल में 1.16 और अडानी पोर्ट्स में 1.07 प्रतिशत की गिरावट रही। कोटक महिंद्रा बैंक, ट्रेंट और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी नीचे बंद हुए।

टेक महिंद्रा सबसे अधिक 1.96 प्रतिशत की तेजी रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 1.65 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। एलएंडटी में भी तेजी रही।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 2.53 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.70 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.73 प्रतिशत की गिरावट रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.04 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.22 प्रतिशत ऊपर है।

 

 

Next Post

नाटो रोमानिया के साथ खड़ा है: महासचिव मार्क रूटे

Fri May 29 , 2026
ब्रुसेल्स, 29 मई (वार्ता) उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के महासचिव मार्क रूटे ने रोमानिया की सुरक्षा और संप्रभुता का पूरा समर्थन करते हुए कहा है कि नाटो रोमानिया के साथ दृढ़ता से खड़ा है। गौरतलब है कि उनका यह बयान पूर्वी यूरोप में बढ़ते सुरक्षा खतरों और रूस के […]

You May Like