ब्रुसेल्स, 29 मई (वार्ता) उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के महासचिव मार्क रूटे ने रोमानिया की सुरक्षा और संप्रभुता का पूरा समर्थन करते हुए कहा है कि नाटो रोमानिया के साथ दृढ़ता से खड़ा है।
गौरतलब है कि उनका यह बयान पूर्वी यूरोप में बढ़ते सुरक्षा खतरों और रूस के साथ जारी तनाव के बीच आया है। उन्होंने यह बात तब कही जब शुक्रवार तड़के देश के दक्षिणी-पूर्वी हिस्से गलाती शहर में एक रूसी ड्रोन घुस आया, जो एक रिहायशी इमारत से टकराकर गिर गया और दो लोगों को घायल कर गया।
श्री रुटे ने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्होंने रोमानिया के राष्ट्रपति निकुसोर डैन से बात की और उन्हें रोमानिया के साथ नाटो की एकजुटता का आश्वासन दिया।
श्री रुटे ने कहा, “मैंने इस बात की पुष्टि की कि नाटो अपने सहयोगी देशों के क्षेत्र के हरेक इंच की रक्षा करने को तत्पर है। हम ड्रोन सहित किसी भी खतरे को रोकने और उससे बचाव के लिए अपनी तैयारी को लगातार बढ़ाते रहेंगे।”
रूसी ड्रोन से दो लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि अन्य लोगों को वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया। डेन्यूब नदी के किनारे स्थित गलाती शहर मोल्दोवा और यूक्रेन की सीमाओं के करीब है। श्री रुटे ने इस घुसपैठ के लिए रूस को दोषी ठहराते हुए कहा कि उस देश का ‘लापरवाह रवैया’ हम सभी के लिए एक खतरा है।
उन्होंने कहा, “वह पूरे यूक्रेन में आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना जारी रखे हुए है और पिछली रात की घटना ने एक बार फिर यह साबित किया है कि उनके अवैध और आक्रामक युद्ध के परिणाम केवल सीमा तक ही सीमित नहीं रहते।”
वहीं रोमानिया के राष्ट्रपति निकुसोर डैन ने कहा कि उन्होंने आज इस घटना पर चर्चा करने के लिए नाटो की राष्ट्रीय रक्षा सर्वोच्च परिषद की बैठक बुलाई है। उन्होंने इस घटना को 2022 में यूक्रेन पर रूस के बड़े पैमाने पर आक्रमण की शुरुआत के बाद से रोमानिया के राष्ट्रीय क्षेत्र पर असर डालने वाली सबसे ‘गंभीर’ घटना बताया है। उन्होंने कहा, “हम रूसी संघ के संबंध में उचित कदम उठाने का आदेश देंगे।”
