त्योहारों के मद्देनजर पुलिस की कार्रवाई
इंदौर: होली एवं रंगपंचमी जैसे उत्सवों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से खजराना पुलिस द्वारा पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई बाउंडओवर की गई थी, यह कार्रवाई उन व्यक्तियों पर की गई थी जिनकी गतिविधियाँ किसी भी प्रकार की शांति भंग करने की आशंका उत्पन्न कर सकती थीं. इसी कड़ी में खजराना थाने पर बाउंडओवर व्यक्तियों को थाने पर बुलाकर सामूहिक समझाइश दी गई और उन्हें थाने परिसर में परेड करवाई गई.
समझाइश के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या कानून विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए गए, तो उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान कुछ बाउंडओवर व्यक्ति पहले थाने पर अनुपस्थित पाए गए थे, जो त्योहार के समय अपने घरों से बाहर चले गए थे. उन्हें देर रात दोबारा थाने लाकर परेड करवाई गई और कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी प्रकार की बदमाशी या शांति भंग करने का प्रयास किया गया तो गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई से नहीं बख्शा जाएगा.
जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
थाना प्रभारी मनोज कुमार सेंधव ने बताया कि जनसुरक्षा और सामुदायिक शांति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और त्योहारों के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क है. क्षेत्रवासियों से भी अपील की गई कि यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि या शांति भंग की आशंका हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें.
