
आलीराजपुर। मध्य प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना “जल गंगा संवर्धन अभियान” का शुभारंभ आज तालाब गहरीकारण जिले के ग्राम गिराला में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान द्वारा किया गया। यह अभियान 19 मार्च से 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और जल सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से जल संरचनाओं के संवर्धन, जल स्रोतों के पुनर्जीवन एवं जल संरक्षण के कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और जल बचाने के लिए जागरूकता फैलाएं। अभियान के अंतर्गत तालाब, कुएं, बावड़ियों सहित विभिन्न जल स्रोतों की सफाई, गहरीकरण और मरम्मत के कार्य किए जाएंगे, जिससे भविष्य में जल संकट की स्थिति को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्रामीणों ने मंत्री श्री चौहान का ढोल-मांदल के साथ पारंपरिक स्वागत किया।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर , जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरी बाई खरत , मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम, गिराला सरपंच पिंकी मगन चौहान , हरसवाट सरपंच इडला चौहान सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
