लखनऊ, 13 मई (वार्ता) पिछले दिनो आंधी बारिश के कारण उत्तर प्रदेश में गर्मी के तेवर में नरमी आने से राहत महसूस कर रहे लोगों को एक बार फिर प्रचंड गर्मी और लू के लिये तैयार रहना होगा। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले एक सप्ताह के दौरान मौसम के शुष्क रहने तथा तापमान में लगातार वृद्धि होने के कारण प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में एक बार फिर लू चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार निचले क्षोभमंडल में प्रदेश के पश्चिमोत्तर भाग पर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा दक्षिणी राजस्थान से आ रही पुरवा हवाओं की मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं के साथ प्रतिक्रिया के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कुछ स्थानों पर 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक रफ्तार की आंधी तथा 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की झोंकेदार हवाएं चलीं।
हालांकि आंधी और वर्षा के बावजूद प्रदेश के अनेक हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार बुंदेलखंड क्षेत्र में बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बांदा में सर्वाधिक 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि झांसी में 44.5 डिग्री और प्रयागराज में 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, जिससे विशेष रूप से दक्षिणी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड क्षेत्र में पुनः लू का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
राजधानी लखनऊ में बुधवार को अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है।
