
छतरपुर। जिले में एक ही दिन में पुलिस थानों से जुड़ी दो संदिग्ध मौतों ने सनसनी फैला दी है। दोनों मामलों में युवकों द्वारा जहर खाने की बात सामने आई है, जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पहला मामला चंदला थाना क्षेत्र का है, जहां नाहर गांव निवासी 22 वर्षीय राम विशाल अहिरवार उर्फ रज्जू को पति-पत्नी विवाद के चलते थाने बुलाया गया था। इसी दौरान उसने थाने परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पुलिस उसे अस्पताल ले गई, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। वहीं एसडीओपी नवीन दुबे के अनुसार, दोनों पक्षों को समझाइश दी जा रही थी और उसी दौरान युवक ने यह कदम उठाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने मामले में न्यायिक जांच की सिफारिश की है और थाना प्रभारी संदीप दीक्षित को निलंबित कर दिया गया है।
दूसरा मामला गौरिहार थाना क्षेत्र का है, जहां एक अन्य युवक की भी जहर खाने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह किसी विवाद के चलते थाने पहुंचा था और मानसिक दबाव के कारण उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
एक ही दिन में दो घटनाओं के सामने आने से जिले में आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दोनों मामलों की जांच में जुटे हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
