
मालवा- निमाड़ की डायरी
संजय व्यास
इंदौर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष पद पर नियुक्ति की हर बार मुख्यमंत्री मोहन यादव व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की दिल्ली दरबार में बैठक- मंथन से लौटने पर उम्मीद बंधती है, मगर कोई फैसला नहीं हो पाता. आईडीए अध्यक्ष पद के लिए पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदीवे, मुकेश राजावत, जीतू जिराती, टीनू जैन, सुदर्शन गुप्ता और हरिनारायण यादव के नाम चर्चा में हैं. अंचल के क्षत्रप व प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की इस पद के लिए पहली पसंद प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष हरिनारायण यादव हैं, जो विजयवर्गीय के गृह क्षेत्र से आते हैं. हालांकि राऊ से पूर्व विधायक जीतू जिराती भी उनके खास समर्थकों में से हैं, लेकिन प्राथमिकता यादव की है. वैसे 2023 के विधान सभा चुनाव में विजयवर्गीय का क्षेत्र क्रमाक-1 से उम्मीदवारी होने पर यहां से पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने भरपूर साथ दिया था . विगत समय आईडीए अध्यक्ष के लिए हरिनारायण यादव के नाम पर अंतिम मुहर लगवाने में विजयवर्गीय चूक गए थे. यादव के विपक्ष में कई वरिष्ठ नेता आ गए थे , सो सूची अटक गई थी. अब फिर नियुक्तियों को लेकर एक बार फिर हलचल बढ़ गई है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच हुई चर्चा के बाद लंबे समय से रिक्त पड़े निगम, मंडल, आयोग और विभिन्न प्राधिकरणों के पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढऩे के संकेत मिले हैं. अब देखना है कि विजयवर्गीय भाजपा नेतृत्व के समक्ष यादव के नाम पर सहमति बनवा पाते हैं या वे जिराती, गुप्ता को आगे लाते हैं या इन तीनों से अलग किसी नाम को पद से नवाजा जाता है.
खाद पर सियासत
मनासा विधानसभा क्षेत्र में खाद की उपलब्धता को लेकर कांग्रेस – भाजपा आमने -सामने आ गए हैं. जहां कांग्रेस ने क्षेत्र में खाद संकट और किसानों की परेशानियों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है. कांग्रेस ने किसानों को वितरण केंद्रों से घंटों कतार लगाने के बाद भी पर्याप्त खाद नहीं मिलने के आरोपों के साथ सरकार को कठघरे में खड़ा किया है. वहीं भाजपा नेता दिनेश राठौर ने कांग्रेस पर किसानों को भ्रमित करने और राजनीतिक लाभ के लिए बरगलाने लगाने का आरोप लगाया है. दिनेश राठौर ने कहा कि मनासा क्षेत्र में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जा रही है. मुद्दे विहीन कांग्रेस किसानों के नाम पर केवल नाटक और नौटंकी कर रही है. कांग्रेस अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए किसानों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है. दिनेश राठौर के इस बयान के बाद मनासा की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है और किसान इन आरोप-प्रत्यारोप को नजरअंदाज कर कृषि कार्य में व्यस्त है.
क्रांति जोशी का कद बढ़ा
सैलाना विधान सभा चुनाव में भाजपा के तीसरे पायदान पर पिछडऩे के बाद से पार्टी को मजबूती से खड़ा करने की दिशा में किए जा रहे प्रयत्नों का सैलाना नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष,भाजपा की जिला उपाध्यक्ष क्रांति जोशी को इनाम मिला है. उन्हें भाजपा ने राजनैतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण ग्वालियर संभाग की महिला मोर्चे की प्रभारी नियुक्त किया हैं. उनकी राजनैतिक प्रतिभा का उपयोग अब प्रदेश स्तर पर होगा. हालांकि वे पूर्व में भी प्रदेश स्तर के पद से नवाजी जा चुकी हैं. वर्तमान में वे जिला भाजपा उपाध्यक्ष भी हैं. दो हजार के दशक में एक बार प्रदेश संगठन ने उन कर भरोसा करते हुए प्रदेश जननी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पद की भी जिम्मेदारी दी थी. पांच वर्ष तक क्रांति जोशी ने ये पद भी संभाला और इस संगठन में भी प्राण फूंके. क्रांति जोशी की संगठन क्षमता पर भरोसा करते हुए एक बार पुन: प्रदेश बीजेपी संगठन ने उन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी हैं.
