दतिया में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कलेक्टर ने प्रभारी डीईओ को पद से हटाया

दतिया। जिला दतिया में शिक्षा प्रशासन की कार्यप्रणाली में लगातार मिल रही शिकायतों और गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने आज एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी यू.एन. मिश्रा को उनके पद से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया है। काफी समय से पेंशन, पदोन्नति, क्रमोन्नति तथा अन्य शिक्षकीय प्रकरणों के निराकरण में अत्यधिक विलंब और लापरवाही देखी जा रही थी। बड़ी संख्या में कर्मचारी बार-बार जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन में शिकायतें दर्ज करा रहे थे। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2025 में आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय विद्यालयीन क्रीड़ा प्रतियोगिता (क्रिकेट अंडर-19) के दौरान कुप्रबंधन, समन्वयहीनता और अव्यवस्था पाई गई, जिससे न सिर्फ खेल आयोजन प्रभावित हुआ बल्कि जिला प्रशासन की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।

इन सभी तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मिश्रा को पद से मुक्त कर दिया है और उनके स्थान पर श्रीमती सुनीता शुक्ला, प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दतिया को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी का कार्यभार तत्काल प्रभाव से सौंपा गया है।

कलेक्टर वानखड़े ने स्पष्ट कहा कि “शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन, कार्यकुशलता और जवाबदेही से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं होगा। सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण और विभागीय सुधार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” जिला प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में शिक्षा विभाग में समयसीमा, पारदर्शिता और बच्चों के हितों को केंद्र में रखते हुए और भी कड़े कदम उठाए जाएंगे।

Next Post

खराब बीजों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई- शिवराज

Mon Nov 17 , 2025
मुंबई, 17 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यहां सोमवार को देश में खराब बीजों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। श्री चौहान ने सरकारी अधिकारियों और निजी क्षेत्रों के हितधारकों से खराब बीजों पर अंकुश लगाने का भी […]

You May Like