
पांढुरना। देर आए दुरूस्त आए की तर्ज पर ही सही सोमवार को कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व एवं नगर पालिका द्वारा अमरावती मार्ग पर प्रदीन निहारे के अवैध लेआऊट पर बुलडोजर चलाते हुए इस अवैध लेआऊट को समतल किया,वहीं जवाहर वार्ड में राजु भांगे द्वारा दूसरे के खेत में बनाई गई ब्राउंड्रीवाल को भी तोड़ा,प्रशासन की इस कार्यवाहीं के चलते अन्य भूमाफियाओं में हडक़ंप व्याप्त है।
गौरतलब हो कि पांढुरना जिला अस्तिव में आने के साथ ही यहां भूमाफियाओं द्वारा किसानों से उनकी कृषि उपज औने पौने दामों में खरीदने का सादौ पत्र बनाने के साथ ही इस कृषि भूमि पर अवैध रूप से लेआऊट बिछाकर यहां कोई भी मूलभुत सुविधाओं की व्यवस्था किए बगैर भोले भाले लोगों को लाखों रूपयों में प्लाँट बेचे जा रहे थे,जिसकी लगातार मिल रहीं शिकायतों को जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा गंभीरता से लेते हुए ऐसे अवैध लेआऊट को चिहिंत कर इनके खिलाफ कार्यवाहीं किए जाने के दिए गए निर्देशों के परिपालन में सोमवार को अनुविभागीय राजस्व अधिकारी अलका इक्का के नेतृत्व में तसहीलदार विनय प्रकाश ठाकुर,राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी,नगर पालिका के अतिक्रमण तोडू दस्ते के साथ नगर के अमरावती मार्ग पर सडक़ किनारे प्रदिन निहारे नामक युवक द्वारा कृषि भूमि पर अवैध रूप से बिछाए गए अवैध लेआऊट पर जेसीबी मशिन चलाते हुए इस कृषि भूमि पर बनाई कच्ची सडक़ के साथ ही खेत में प्लाँट के लिए चिहिंत सिमेंट के पोल को भी जमीनदौज किया गया ।
दूसरे के खेत में अतिक्रमण करना पड़ा मंहगा
इसी प्रकार नगर के जवाहर वार्ड के एक खेत में चारो और से लगाई गई सिमेंटीकृत पोल की फेसिंग पडोसी किसान के खेत में करने तथा खेत मालिक द्वारा इस बात का विरोध करने पर खेत मालिक के साथ विवाद करने पर आमादा होने की शिकायत पर राजस्व विभाग की टीम द्वारा दूसरे खेत के मालिक के खेत में की गई फैसिंग को जेसीबी मशीन से तोडा गया ।
नेताओं के दरबार में हाजरी लगाने पहुंचे भूमाफिया
जिला कलेक्टर नीरज वशिष्ठ के निर्देशों पर अनुविभागीय राजस्व अधिकारी अलका इक्का के नेतृत्व में की गई इस तरह ही पहली सख्त कार्यवाहीं के चलते नगर सहित क्षेत्र के ग्रामों के कृषि भूमि पर अवैध लेआऊट बिछाने वाले भूमाफियाओं तथा इनके दलालों में हडक़ंप छाया रहा,यह भूमाफिया अपने सफेद पोश आकाओं के दरबार में गुहार लगाते भी नजर आए ।
प्रशासन की अपील
अनुविभागीय राजस्व अधिकारी अलका इक्का द्वारा आम लोगों से किसी भी अवैध काँलोनी में प्लांट नहीं खरीदने की अपील की है,उन्होंने कहा कि मुलभूत सुविधाएं जिसमें बिजली,पानी,सडक़,अन्य नहीं मिल पाती वे फस जाते है। नगर में कुछ काँलोनी है जहां पर लोगों द्वारा प्लांट तो खरीद लिए लेकिन अब भी उन्हें मुलभूत सुविधाएं नहीं मिल रहीं है,ऐसे कई प्रकरण राजस्व तथा नपा में विचाराधीन है।
इनका कहना है
नगर के अमरावती मार्ग पर एक खेत में प्रदीन निहारे नामक युवक द्वारा कुछ लोगों को प्लांट बेचने तथा इसकी रजिस्टी भी होने की शिकायत मिलने पर जिला कलेक्टर के निर्देश पर आज इस अवैध लेआऊट पर बनी कच्ची सडक़ को समतल करने के साथ ही प्लांट के लिए लगाएं गए सिमेंट के पौल को तोडा गया है। इस तरह की कार्यवाहीं नगर सहित क्षेत्र के ग्रामों में जहां भी नियम विरूध्द प्लाँट बेचे जा रहे कार्यवाहीं की जाएंगी .
श्रीमती अलका इक्का एसडीएम पांढुरना
