
इंदौर। नगर निगम के बिचौली हप्सी स्थित सिटी फॉरेस्ट में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई, जिसमें करीब 10 टन ग्रीन वेस्ट और 1 टन लकड़ी जलकर नष्ट हो गई. हर साल गर्मी में यहां आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं. सूचना मिलते ही निगम मुख्यालय से फायर ब्रिगेड और टैंकर मौके पर पहुंचे और करीब सुबह 10 बजे तक आग पर काबू पा लिया.
आग तेजी से फैलने के कारण पांच जोनल कार्यालयों से भी पानी के टैंकर बुलाए गए. मौके पर बड़ी मात्रा में कचरा होने से आग ने विकराल रूप ले लिया था. आग बुझने के बाद भी क्षेत्र से धुआं उठता रहा, जिसे देखते हुए दो टैंकर मौके पर तैनात कर दिए हैं, जो अगले कुछ घंटों तक लगातार पानी का छिड़काव करेंगे. इधर, महू क्षेत्र में भी शनिवार को दो अलग अलग जगह जंगल में आग लगने से करीब 4 एकड़ क्षेत्र प्रभावित हुआ. बड़गोंदा नर्सरी और छोटी जाम के जंगलों में लगी आग के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. वन विभाग अधिकारी का कहना है कि एक स्थान पर फायर ब्रिगेड और दूसरे स्थान पर वनकर्मियों ने लीफ ब्लोअर की मदद से आग पर काबू पाया, जिससे बड़े नुकसान को टाल दिया.
