
शिवपुरी। जिले के देहात थाना क्षेत्र में पिपरसमा निवासी एक युवती की गांधीनगर, गुजरात के एक होटल में गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके प्रेमी पर है, जो पुलिस अभिरक्षा में था। आरोपी युवक ने भी अपने गले पर वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुजरात की चिलोड़ा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पिपरसमा निवासी रजनी धाकड़ (21) और संतोष जाटव (25) 7 जून की रात घर से लापता हो गए थे। पुलिस को उनकी लोकेशन गुजरात में मिली।
इसके बाद देहात थाना के दीवान दीपचंद्र और आरक्षक बदन सिंह युवती के दो चचेरे भाइयों को साथ लेकर गुजरात रवाना हुए। राजकोट जिले के सांपर क्षेत्र में एक फैक्ट्री के पास झोपड़ी से दोनों को बरामद कर लिया। पुलिस टीम दोनों को लेकर शिवपुरी लौट रही थी, लेकिन थकान के कारण वे गांधीनगर के होटल में रुक गए। जहां युवती की हत्या कर दी।
मृतका के चचेरे भाई प्रवेंद्र धाकड़ ने बताया कि वह अपने भाई नीरज और दो पुलिसकर्मियों के साथ गुजरात गए थे। वापसी में थकान होने पर सभी ने उदयपुर हाईवे स्थित होटल राइन इन पोर्ट में एक बड़ा कमरा लिया। कमरे में लगे बेड पर प्रवेंद्र, नीरज और एक आरक्षक सोए थे।
जमीन पर बिछे गद्दे पर पुलिस दीवान के बगल में संतोष सोया था, जबकि दूसरे गद्दे पर रजनी अकेली सो रही थी। रात करीब 2:30 बजे अचानक चीखने की आवाज सुनकर सबकी नींद खुली। देखा तो संतोष की गोद में रजनी का सिर था और उसका गला कटा हुआ था। संतोष खुद के गले पर भी वार कर रहा था। उसे तुरंत दबोचा और चाकू छीना।
