
खण्डवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की बचत और वैकल्पिक ऊर्जा अपनाने के आह्वान का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। इसी कड़ी में खण्डवा महापौर अमृता अमर यादव ने एक अनुकरणीय उदाहरण पेश करते हुए अपने दैनिक कार्यों के लिए इलेक्ट्रिक कार का उपयोग शुरू कर दिया है। महापौर के इस निर्णय को न केवल आधुनिक जनसेवा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा और सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
इस पहल पर चर्चा करते हुए महापौर अमृता यादव ने कहा कि वर्तमान में वैश्विक ऊर्जा संकट और बढ़ती महंगाई बड़ी चुनौतियां हैं, ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी जी का आह्वान देशहित में एक दूरदर्शी सोच है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते यह उनका कर्तव्य है कि वे राष्ट्रहित में संसाधनों की बचत की शुरुआत स्वयं से करें। महापौर के अनुसार नगर निगम के कार्यों, विकास परियोजनाओं के निरीक्षण और प्रशासनिक बैठकों के लिए उन्हें निरंतर भ्रमण करना पड़ता है, और इन दायित्वों के निर्वहन के लिए इलेक्ट्रिक वाहन एक सबसे बेहतर और उपयोगी विकल्प है।
इलेक्ट्रिक कार अपनाने से न केवल कीमती ईंधन की बचत होगी, बल्कि इससे होने वाला शून्य उत्सर्जन शहर की आबोहवा को सुधारने में भी मददगार साबित होगा। साथ ही ध्वनि प्रदूषण से मुक्ति मिलना आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। महापौर ने विश्वास जताया कि यदि समाज का हर वर्ग इसी तरह जागरूक होकर स्वच्छ ऊर्जा को अपनाएगा, तो देश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ेगा।
