सीहोर। शहर में अनेक स्थानों पर सनातन धर्म को एकजुटता के लिए विराट हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है. चाणक्यपुरी में गोधन सरकार मंदिर में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया. जिसमें जगतगुरु पं. अजय पुरोहित के साथ भारतीय स्वयं संघ के प्रचारक भी उपस्थित थे. समाज में समरसता स्थापित करने के लिए और स्पर्श छुआछूत की भावना को पूर्ण तरह से समाप्त करने के लिए सभी वक्ताओं ने आव्हान किया.
इस अवसर पर जगतगुरु पं. अजय पुरोहित ने अपने उद्बोधन में कहाकि आज सभी लोग मतभेदों को समाप्त करने का संकल्प लेकर राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखें. जिसके मन में कभी हीनता का भाव प्रकट न हो, उसी का नाम हिंदू है. हमारे शास्त्रों में हमारे देश का नाम हिंदुस्थान बताया गया है. लेकिन काल कालांतर में एक षड्यंत्र के माध्यम से इसको हिंदुस्तान कर दिया गया. देशी और विदेशी षडय़ंत्रों के माध्यम से हमारे धर्म को बांटने की साजिश चल रही है. हमें पहले बांटने और फिर काटने की साजिश से बचकर रहना है. हमारे बीच में समरसता का भाव ही हम सनातनियों को एकजुट करेगा और एकजुटता ही हमारी ताकत बनेगी. इसके बल पर ही हिन्दू भी सबल बनेगा एक रहेगा.
उन्होंने कहा कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू सनातन धर्म की एकता और संगठन को मजबूत करना, समाज में आपसी सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया. इस अवसर पर राजेन्द्र श्रीवास्तव, राजेश बैरागी, राहुल विजयवर्गीय, विष्णु यादव, अमित राठौर आदि शामिल थे. सम्मेलन के दौरान अनेक वक्ताओं ने भी संबोधन दिया.
