शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 813 अंक लुढ़का

मुंबई,  विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों और कच्चे तेल में तेजी से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को तेज बिकवाली देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 813 अंक लुढ़क गया। प्रमुख सूचकांकों में यह लगातार तीसरी गिरावट है। सेंसेक्स 361 अंक गिरकर 75,216 अंक पर खुला और पूरे दिन लाल निशान में रहा। अंतिम एक घंटे में बाजार में बिकवाली तेज हो गयी। सेंसेक्स अंत में 813.35 अंक (1.08 प्रतिशत) नीचे 74,764.23 अंक पर रहा। निफ्टी-50 सूचकांक भी 203.60 अंक यानी 0.86 प्रतिशत टूटकर 23,431.50 अंक पर आ गया। यह दोनों प्रमुख सूचकांकों का इस साल 11 जून के बाद का निचला स्तर है।

अमेरिकी शेयर बाजारों में मंगलवार को रही गिरावट का असर आज दुनिया भर में देखा गया। विशेषकर भारतीय बाजारों में आईटी कंपनियों में बड़ी बिकवाली देखी गयी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में रही तेजी और रुपये में गिरावट से भी निवेश धारणा कमजोर हुई है। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा आज तीन प्रतिशत चढ़कर 101 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया। घरेलू स्तर पर सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी आईटी 3.24 प्रतिशत गिर गया। रियल्टी समूह के सूचकांक में 2.23 प्रतिशत और वित्तीय समूह में 1.24 प्रतिशत की गिरावट देखी गयी। धातु समूह की 1.79 प्रतिशत की तेजी को छोड़कर अन्य सभी सूचकांक लाल निशान में रहे। एफएमसीजी, बैंकिंग और मीडिया सूचकांक भी एक प्रतिशत के करीब टूटे।
वृहत बाजार में चौतरफा बिकवाली देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.55 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.48 प्रतिशत फिसल गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर साढ़े चार प्रतिशत नीचे बंद हुआ। सबसे अधिक नुकसान उठाने वाली अगली तीन कंपनियां भी आईटी सेक्टर से ही रहीं। इंफोसिस का शेयर भी साढ़े चार प्रतिशत के करीब टूटा। टेक महिंद्रा में लगभग चार फीसदी और टीसीएस में सवा दो फीसदी की गिरावट रही। एचडीएफसी बैंक का शेयर भी सवा दो फीसदी के करीब गिर गया।

हिंदुस्तान यूनीलिवर, बजाज फाइनेंस, अल्ट्रा टेक सीमेंट, भारती एयरटेल, बीईएल और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच फिसले। आईटीसी, इंडिगो, एलएंडटी, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और इटरनल के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।
अडानी पोर्ट्स में साढ़े तीन प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। टाटा स्टील का शेयर करीब ढाई प्रतिशत और ट्रेंट का एक प्रतिशत से अधिक चढ़ा। एनटीपीसी का शेयर भी बढ़त में रहा।

Next Post

पेट्रोल पंप पर टैंकर से पेट्रोल उतारते समय भड़की आग दो कर्मचारी झुलसे, बड़ा हादसा टला

Wed Sep 9 , 2026
ग्वालियर। शिंदे की छावनी स्थित एक पेट्रोल पंप पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। टैंकर से भूमिगत स्टोरेज टैंक में पेट्रोल खाली करने के दौरान अचानक लगी आग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में दो कर्मचारी झुलस गए हैं। जानकारी के अनुसार दोपहर […]

You May Like