श्योपुर: देश में चीता पुनर्वास परियोजना के तहत श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में बसाए गए चीतों में से दो प्रभास व पावक को गांधीसागर अभयारण्य में छोडा गया है। यहां भी चीतों को बसाया जाना है। दोनों चीते यहां की आबोहवा में रम चुके है। गर्मी और लू के मौसम में भी चीते सामान्य व्यवहार करते दिखे। दोनों चीतों ने 30 से अधिक शिकार किए।
अभयारण्य के अधिकारियों के अनुसार चीते औसत हर तीसरे दिन नीलगाय या अन्य शिकार को पकड रहे है। इससे उनके स्वास्थ्य और अनुकूलन की स्थिति मजबूत दिख रही है। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका से लाई जाने वाली चीतों की तीसरी खेप में से चार चीतों को यहां छोडे जाने की तैयारी है। शेष चीते गुजरात भेजे जाएंगे। तीसरे चरण में कुल कितने चीते आएंगे इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
दो चरणों में लाए गए 20 चीते
दक्षिण अफ्रीका से दो चरणों में अभी तक 20 चीते लाए जा चुके है। पहले चरण में 8 और दूसरे चरण में 12 चीते लाए गए थे। जिन्हें कूनों नेशनल पार्क में बसाया गया है। गांधीसागर अभयारण्य को भी चीतों का रहवास बनाने के लिए चुना गया है।
