
शाजापुर। कार में सवार एक ही परिवार के 8 लोग हादसे का शिकार हो गए. जिन्हेें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसा नैनावद घाटी के पास हुआ. जब एक धुंआ छोड़ते ट्रक में कार पीछे से जा घुसी. जानकारी के अनुसार एक परिवार अपनी कार से चिड़ावद से बोलाई हनुमान दर्शन के लिए जा रहा था. नैनावद घाटी पर एचपी पेट्रोल पंप के सामने यह हादसा हुआ. इंदौर से आगरा जा रहा एक ट्रक सीएनजी गैस सिलेंडर ले जा रहा था. घाटी पर चढ़ते समय ट्रक लोड नहीं ले पा रहा था और एक्सीलरेटर दबाने पर उसके पीछे से काला धुआं निकलने लगा. धुएं के कारण पीछे आ रही कार के चालक को ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार पीछे से ट्रक में जा घुसी. हादसे के बाद मौके पर मौजूद ट्रक चालक ने 108 एंबुलेंस को फोन कर सूचना दी. इस दुर्घटना में 13 वर्षीय आरव, 21 वर्षीय दिव्या, 70 वर्षीय शांता बाई, 13 महीने का शिवांश, 31 वर्षीय पूजा, इंद्रा पटेल, सचिन और तक्ष घायल हुए हैं. सभी का उपचार जिला अस्पताल में जारी है.
