ट्रैवलर ने मारी टक्कर, ट्रैक्टर चालक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैवलर में लगाई आग

उज्जैन/घट्टिया। आगर रोड पर शुक्रवार शनिवार की रात तुलाहेड़ा टोल से पहले गेहूं से भरी ट्रैक्टर ट्राली और ट्रैवलर में भिड़ंत हो गई। ट्रैक्टर ट्राली के नीचे चालक दब गया। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैवलर में आग लगा दी और टोल पर चक्काजाम कर दिया। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक की मौत हुई है उसका साथी और ट्रैवलर चालक के साथ एक महिला और पुरुष को भी चोट लगी है। घट्टिया थाना क्षेत्र के ग्राम तुलाहेड़ा में गेहूं से भरी ट्रैक्टर ट्राली को पीछे से आ रही ट्रैवलर ने टक्कर मार दी थी। दुर्घटना में ट्रैक्टर ट्राली सडक़ मार्ग से उतरकर पलटी खा गई। चालक नीचे दब गया और पीछे ट्राली में बैठा युवक घायल हो गया। ट्रेवलर चालक और उसमें सवार एक पुरुष और महिला सहित दो बच्चों को चोट आई। दुर्घटना की जानकारी लगते ही ग्रामीण एकत्रित हो गए ट्रैक्टर चालक को नीचे दबा देख उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने ट्रैवलर में आग लगा दी। मामले की जानकारी लगते ही, घटिया, राघवी और पानबिहार पुलिस मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड ने पहुंच कर जल रही ट्रैवलर की आग बुझाई वहीं पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी जुटाना पर सामने आया कि ट्रैवलर दिल्ली से उज्जैन आ रही थी जिसमें 22 लोग सवार थे वह महाकाल दर्शन के लिए निकले थे। ट्रैक्टर ट्राली ब्राह्मण खेड़ा की थी जो उज्जैन अनाज मंडी आ रही थी। ट्रैक्टर विजय सोलंकी चला रहा था, जिसकी दुर्घटना में ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हुई है। उसका साथी राजेश शर्मा घायल हुआ है। ट्रैवलर चालक शिवकुमार पंजाब का रहने वाला है जिसे दुर्घटना में चोट लगी है। वहीं सवार यात्रियों में धर्मेंद्र और बॉबी नामक महिला को भी चोंट लगी है, दो बच्चे भी मामूली रूप से घायल हुए हैं। मृतक और सभी घायलों को उज्जैन चरक अस्पताल लाया गया, ट्रैवलर चालक का उपचार चरक अस्पताल में ही चल रहा है वही दो अन्य घायल यात्रियों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में घायलों की जानकारी लेने घट्टिया थाना पुलिस अस्पताल पहुंची थी।

आगजनी के बाद टोल पर चक्काजाम

ट्रैक्टर ट्राली और ट्रैवलर में हुई दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रैवलर में आग लगा दी थी। वहीं कुछ देर बाद उन्होंने तुलाहेड़ा टोल पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि टोल की क्रेन काफी देर से मौके पर पहुंची जिसके चलते चालक की दबे रहने से मौत हुई है। क्रेन के आने पर उसमें पट्टा नहीं था, ट्रैक्टर उठाने के लिए पट्टा मंगाया तो वह भी टूट गया। जहां चालक की मौत हुई है वहीं ट्रैक्टर ट्राली में भरा गेहूं भी बिखरने से खराब हो गया। पुलिस ने मामले में जांच का आश्वासन देकर चक्काजाम समाप्त कराया।

Next Post

ड्रग्स माफिया की 16.16 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

Sat Apr 4 , 2026
रतलाम। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने बड़ी वैधानिक कार्रवाई करते हुए ड्रग्स कारोबार से जुड़े आरोपियों की करोड़ों की संपत्ति फ्रीज करवाई है। थाना कालूखेड़ा क्षेत्र के ग्राम चिकलाना में अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री संचालित करने वाले […]

You May Like