
रतलाम। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने बड़ी वैधानिक कार्रवाई करते हुए ड्रग्स कारोबार से जुड़े आरोपियों की करोड़ों की संपत्ति फ्रीज करवाई है। थाना कालूखेड़ा क्षेत्र के ग्राम चिकलाना में अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री संचालित करने वाले आरोपियों की 16 करोड़ 16 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश सफेमा न्यायालय द्वारा जारी किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर सफेमा (स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स एक्ट) के अंतर्गत न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया गया था। पुलिस द्वारा कुल 55.70 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति फ्रीज करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें से न्यायालय ने फिलहाल 16.16 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश दिए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी दिलावर खान, अजहर खान, मुमताज बी एवं इमरान खान लंबे समय से मादक पदार्थों की अवैध तस्करी में लिप्त थे और इसी के माध्यम से उन्होंने भारी संपत्ति अर्जित की थी। इन संपत्तियों का कोई वैध आय स्रोत नहीं पाया गया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट 1985 की धाराओं 68-ई एवं 68-एफ के तहत वैधानिक प्रक्रिया अपनाते हुए यह कार्रवाई की है। रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें संलिप्त अन्य लोगों की भी पहचान कर उनकी संपत्तियों पर कार्रवाई की जाएगी।
