
इंदौर. खजराना थाना क्षेत्र के देवकी नगर में अज्ञात भय और मानसिक तनाव से जूझ रहे एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. युवक अक्सर परिजनों से कहता था कि कोई उसका पीछा कर रहा है और उसे जान से मार देगा. गुरुवार को उसने अपने काका के सूने मकान की छत पर कपड़े सुखाने वाली रस्सी से फंदा बनाकर जान दे दी.
मृतक रजत पिता तुकाराम उम्र 28 साल निवासी देवकी नगर था. वह घर से कुछ दूरी पर स्थित अपने काका के मकान की छत पर पहुंचा और फांसी लगा ली. पड़ोसियों की नजर उस पर पड़ने के बाद परिजनों को सूचना दी गई. मां और अन्य परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे तथा रस्सी काटकर उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के चचेरे भाई गोपी ने पुलिस को बताया कि रजत पिछले कुछ समय से गहरे मानसिक तनाव में था. वह सहमा सहमा रहता था और बार-बार कहता था कि कोई उसका पीछा कर रहा है तथा उसे नुकसान पहुंचाना चाहता है. परिजन उसे समझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उसके मन में बैठा भय खत्म नहीं हुआ. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
