
बेगमगंज। जनपद क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ 24 वर्षीय युवक सौरभ विश्वकर्मा ने अज्ञात कारणों के चलते अपने ही खेत पर कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना के संबंध में मृतक के पिता हरिनारायण विश्वकर्मा ने बताया कि कल शाम करीब 5 बजे वे अपने पुत्र सौरभ के साथ खेत पर गए थे। कुछ देर बाद सौरभ ने परिजनों को घर वापस भेज दिया और खुद खेत पर ही रुक गया। शाम करीब 7 बजे सौरभ ने अपनी बहन रीता विश्वकर्मा को मोबाइल पर फोन कर जानकारी दी कि उसने खेत पर रखी इल्ली मार दवा (कीटनाशक) पी ली है।
सूचना मिलते ही घबराए परिजन तत्काल खेत पहुंचे, जहाँ सौरभ की हालत बिगड़ रही थी और वह उल्टियाँ कर रहा था। परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर आए, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए सागर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर सागर जा ही रहे थे कि ग्राम मड़िया नाका के समीप सौरभ की सांसें थम गईं।
युवक की मौत के बाद परिजन शव लेकर वापस सिविल अस्पताल पहुंचे, जहाँ पुलिस ने शव को मर्चुरी भवन में रखवाया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
