
सिंगरौली । जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदवार चौकी क्षेत्र में एक युवती की कुंड में डूबने से मौत का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम निवासी युवक सुखलाल सिंह ने चौकी पहुंचकर सूचना दी कि उसकी बहन अनारकली बीते दिन शुक्रवार की सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच घर से निकली थी। इसी दौरान वह गांव के पास स्थित कुंड में गिर गई, जिससे उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां युवती को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटनावश डूबने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
