नयी दिल्ली, 01 जुलाई (वार्ता) भारत के पूर्व स्पिनर आर अश्विन उद्घाटन यूरोपियन टी 20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल ) के लिए सीधे अनुबंधित खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। इस सूची में फ़ाफ़ डुप्लेसी, मिचेल मार्श, स्टीवन स्मिथ और टिम डेविड जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं।
अश्विन डबलिन गार्डियंस के लिए कप्तान और मेंटॉर दोनों की भूमिका निभाएंगे। 39 वर्षीय अश्विन ने आईपीएल 2025 सीज़न के बाद आईपीएल से संन्यास की घोषणा की थी और फ़िलहाल अमेरिका में एमएलसी 2026 में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए खेल रहे हैं।
भारत के पूर्व कप्तान और टी20 विश्व कप विजेता कोच राहुल द्रविड़ इस छह टीमों वाली लीग में डबलिन फ़्रेंचाइज़ी के मालिक हैं।
क्रिकेट आयरलैंड, क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन के साथ साझेदारी में शुरू की गई इस लीग में डबलिन, बेलफ़ास्ट, एडिनबर्ग, ग्लासगो, रोटर्डम और एम्स्टर्डम की टीमें हिस्सा लेंगी। यह यूरोप की पहली आईसीसी मान्यता प्राप्त बहु-देशीय फ़्रेंचाइज़ी टी 20 लीग भी है।
डु प्लेसिस के साथ रोटर्डम डॉकर्स में उनके साउथ अफ़्रीकी साथी हेनरिक क्लासेन, डोनोवन फ़रेरा और अनरिख़ नॉर्खिए भी खेलेंगे। डु प्लेसिस और क्लासेन इस टीम के सह-मालिक भी हैं और डु प्लेसिस टीम की कप्तानी करेंगे।
साउथ अफ़्रीका के तेज़ गेंदबाज़ लुंगी एंगिडी ग्लासगो कॉस्मिक का हिस्सा होंगे। उनके साथ बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ डुआन जानसन और बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज भी खेलेंगे, जो फ़िलहाल एमएलसी में टेक्सस सुपर किंग्स के लिए खेल रहे हैं।
मार्श और स्मिथ एम्स्टर्डम फ्लेम्स के लिए एक साथ खेलेंगे, जबकि एमएलसी 2026 में वॉशिंगटन फ़्रीडम के लिए शानदार फ़ॉर्म में चल रहे मिचेल ओवेन रोटर्डम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
न्यूज़ीलैंड के खिलाड़ियों में मिचेल सैंटनर और ट्रेंट एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स के लिए फिर साथ खेलेंगे। सैंटनर टीम की कप्तानी भी करेंगे। वहीं विस्फोटक सलामी बल्लेबाज़ फ़िन एलन ग्लासगो की टीम में शामिल होंगे। टेस्ट क्रिकेट से दूरी बनाकर सीमित ओवरों के विशेषज्ञ बने माइकल ब्रेसवेल एम्स्टर्डम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज़ मैथ्यू हेडन ग्लासगो के मुख्य कोच होंगे, जबकि जेम्स फ़ॉस्टर एडिनबर्ग के कोच की भूमिका निभाएंगे। नीदरलैंड्स के स्कॉट एडवर्ड्स और बास डे लीडे स्थानीय संबद्ध खिलाड़ियों के रूप में एम्स्टर्डम की टीम का हिस्सा होंगे। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर एम हेनरिक्स ग्लासगो के लिए यूरोपीय स्थानीय खिलाड़ी के तौर पर खेलेंगे।
सभी छह फ्रेंचाइज़ी दो जुलाई को होने वाले ड्राफ्ट में अपनी टीमों को अंतिम रूप देंगी। यह प्रतियोगिता 26 अगस्त से 20 सितंबर तक आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स में आयोजित की जाएगी।
