ग्वालियर: आरजेएन अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल ग्वालियर द्वारा रोटरी क्लब जाग्रति के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक अनूठा कार्यक्रम ‘‘सेलिब्रेटिंग द ब्यूटी ऑफ मदरहूड 2026’’ आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष फैशन शो का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम आज 8 मार्च को दोपहर 3 बजे से होटल रेडिसन ग्वालियर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी जबकि पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता एवं डॉ. ज्योति बिंदल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मुकेश सभरवाल, ग्रुप सीईओ, आरजेएन अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल ने बताया कि यह आयोजन मातृत्व की शक्ति, सौंदर्य और गरिमा को सम्मान देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम में शहर की गर्भवती माताएं रैंप वॉक करेंगी तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
रोटरी क्लब ऑफ ग्वालियर जागृति की अध्यक्ष श्रीमती परविंदर सचदेवा ने बताया कि रोटरी क्लब समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों के लिए निरंतर कार्य करता रहा है। यह आयोजन गर्भवती माताओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और समाज में मातृत्व के महत्व को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।कार्यक्रम में प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार, गिफ्ट हैम्पर्स तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ संवाद का अवसर भी उपलब्ध रहेगा।
