फतेहाबाद में फुटबॉल खिलाड़ियों से भरी गाड़ी हादसे का शिकार, सात खिलाड़ियों की हालत गंभीर

चंडीगढ़ 28 फरवरी (वार्ता) हरियाणा में हिसार जिले के गांव चूली बागड़ियान के फुटबॉल खिलाड़ियों की टीम शनिवार को एक सड़क हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में 19 खिलाड़ी घायल हुये है जिसमें से सात की हालत गंभीर हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार खिलाड़ी आज सिरसा जिले के रानियां क्षेत्र के गांव हरिपुरा में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए टाटा मैजिक वाहन में रवाना हुए थे। रास्ते में फतेहाबाद जिले के गांव खाबड़ा के पास अचानक वाहन का टायर फटने से चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित वाहन पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया और फिर उसके बाद खेत में पलट गया।
हादसे के समय वाहन में कुल 19 खिलाड़ी सवार थे। गाड़ी पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को तुरंत भट्टू सीएचसी ले जाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सात खिलाड़ियों बिल्लू, विजय, मुकेश, दिनेश, हिमांशु, क्षितिज और सुनील की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अन्य 12 खिलाड़ियों रोहताश, अमन, साबू, छोटू, आशीष, कुलदीप, अनुज, पंकज, भीम सिंह, राघव, विकास और ज्ञानेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सभी खिलाड़ियों की आयु 15 से 35 वर्ष के बीच बताई गई है। गांव चूली बागड़ियान में स्थित फुटबॉल ग्राउंड में यह टीम नियमित अभ्यास करती है। गांव के युवाओं ने मिलकर टीम बनाई है और वरिष्ठ खिलाड़ी उन्हें प्रशिक्षण देते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि विनोद बैनीवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और खिलाड़ियों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण टीम टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकी।

Next Post

ईरान इजरायल जंग में झुलसा पश्चिम एशिया, कई जगहों पर बमबारी

Sat Feb 28 , 2026
तेहरान/तेल अवीव, 28 फरवरी (वार्ता/शिन्हुआ) इजरायल ने अमेरिका के सहयोग से शनिवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान सहित कई बड़े शहरों में हवाई हमले किये। इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इजरायल सहित आसपास के कुछ देशों को निशाना बनाया। ईरान ने ये हमले इजरायल के अलावा बहरीन, यूएई, […]

You May Like

मनोरंजन