झमाझम बारिश से गुनावासियों को गर्मी से राहत, मौसम हुआ सुहावना

गुना। शहर में पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से जूझ रहे लोगों को शनिवार को आखिरकार राहत मिल गई। दोपहर होते-होते अचानक मौसम ने करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। लगभग एक घंटे तक हुई इस तेज बारिश ने जहां लोगों को झुलसाती गर्मी से राहत दी, वहीं कई जगह सडक़ों पर पानी भर जाने से आवाजाही में परेशानी भी हुई। बारिश के दौरान बच्चों और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कई जगह छोटे-छोटे बच्चे और युवक सडक़ों पर भीगते नजर आए और झमाझम बारिश का लुत्फ उठाया। वहीं, मौसम का यह बदलाव किसानों के लिए भी राहत लेकर आया है। हाल ही में लगातार उमस और अधिक तापमान से परेशान किसानों को खेतों में नमी मिलने से फसलों के लिए फायदा होगा। बारिश के बाद मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस में भी कमी आई। शनिवार को अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता सुबह 90 प्रतिशत और शाम को 86 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 08:30 से 17:30 बजे तक 15.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

अचानक हुई इस बारिश से जहां आमजन ने राहत की सांस ली, वहीं मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इससे गर्मी और उमस से लगातार परेशान लोगों को और अधिक राहत मिलने की संभावना है। बारिश के चलते गुना की फिजा खुशनुमा हो गई और शाम होते-होते शहर का नजारा काफी मनमोहक हो गया।

जिले में अब तक 1387.0 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज

इधर जिले में 01 जून से अब तक 1387.0 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जो कि सामान्य वर्षा का 131.7 प्रतिशत है। जिले में गत वर्ष इसी अवधि में 954.0 औसत वर्षा दर्ज की गई थी। जिले की वर्षा ऋतु में सामान्य औसत वर्षा 1053.5 मिलीमीटर है। अधीक्षक भू-अभिलेख द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 01 जून से 30 अगस्त प्रात: 8 बजे तक जिले के वर्षामापी केन्द्र गुना में 1744.1 मिलीमीटर, बमौरी में 1483.4, आरोन में 1119.0, राघौगढ़ में 1237.0, चांचौड़ा में 1297.0, कुम्भराज में 1281.0 तथा वर्षा मापी केन्द्र मक्सूदनगढ़ में 1547.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। जिले में बीते 24 घंटे में 3.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। इस अवधि में वर्षा मापी केन्द्र गुना में 0.0 मिमी., बमोरी में 0.0 मिमी., आरोन में 0.0 मिमी., राघौगढ़ में 0.0 मिमी., चांचौड़ा में 0.0 मिमी., कुंभराज में 0.0 एवं वर्षामापी केन्द्र मक्सूदनगढ़ में 23.0 मिमी. वर्षा दर्ज की गई।

Next Post

जल, जंगल और जमीनों को बचाने का काम भाजपा सरकार कर रही 

Sat Aug 30 , 2025
नीमच। भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार के फलस्वरूप वनांचल ग्राम पंचायत घसुंडी जागीर के ग्राम बरकटी, भोपतपूरा में लगभग 23 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण विधायक दिलीपसिंह परिहार ने किया। इस अवसर पर श्री परिहार ने कहा कि भारत पुन: सोने की चिडिया बन रहा […]

You May Like