नयी दिल्ली, 06 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने कर्नाटक के बेंगलुरु में एक ग्रेनाइट खदान में हुए हादसे में सात प्रवासी मजदूरों की मौत और अन्य पांच के घायल होने की घटना का स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले में कर्नाटक सरकार के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। एनएचआरसी ने सोमवार को कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार दो जुलाई को बेंगलुरु स्थित एक ग्रेनाइट खदान में काम के दौरान एक विशाल ग्रेनाइट चट्टान मजदूरों पर गिर गई।
हादसे के समय घटनास्थल पर करीब 16 मजदूर मौजूद थे। इस दुर्घटना में सात प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों से खदान मालिक की कथित लापरवाही का संकेत मिलता है। यदि समाचार रिपोर्टों में प्रकाशित तथ्य सही पाए जाते हैं, तो यह मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जिस क्षेत्र में यह हादसा हुआ वहां दो स्टोन क्रेशर संचालित हो रहे थे। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। आयोग ने अपनी रिपोर्ट में जांच की प्रगति और प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी भी मांगी है।

