
शिवपुरी। शहर में सोमवार को आंधी और बारिश ने जमकर कहर बरपाया। शहर के कई इलाकों में बड़े-बड़े पेड़ जमींदोज हो गए। कुटुंब न्यायालय के बाहर यूकेलिप्टस का विशाल पेड़ बिजली लाइन पर जा गिरा। पास में खड़ी एक कार बाल-बाल बच गई। पक्षी विहार के पास महज पांच मिनट के अंतराल में एक और पेड़ गिर गया। फिजिकल रोड स्थित पीएचई कार्यालय के बाहर भी एक बड़ा पेड़ तेज हवाओं की चपेट में आकर धराशाई हो गया। शहर के नवाब साहब रोड पर आंधी का असर ज्यादा रहा। यहां एक पेड़ गिरने से सुमित सिकरवार और अतुल रावत चपेट में आ गए। दोनों को चोटें आई हैं। तेज आंधी की मार पीएस होटल के पास भी दिखी, जहां पेट्रोल पंप के पीछे राजेंद्र शर्मा के मकान की तीसरी मंजिल का एक हिस्सा तेज हवा के चलते भरभरा कर नीचे आ गिरा। इस घटना में नीचे खड़ी एक स्कूटी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गई।
शहर के विभिन्न विवाह घरों में भी आंधी का असर देखने को मिला। तेज हवाओं ने कई जगहों पर टेंट उखाड़ दिए, जिससे टेंट संचालकों को नुकसान हुआ। खासकर उदय विलास होटल में लगे टेंट पूरी तरह से तहस-नहस हो गए।
