इटारसी। तुलसी चौक के पास फल विक्रेताओं के बीच कल शाम हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। नाला मोहल्ला निवासी सोनू उर्फ पोल शेख (24) पर उसी के पड़ोसी फल विक्रेता सुमित पटवा ने चाबी के छल्ले में लगी नुकीली चीज से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में सोनू के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घायल को स्थानीय लोगों ने तत्काल एक्टिवा से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसके सिर पर टांके लगे हैं और स्थिति फिलहाल स्थिर है। बताया गया कि दोनों के बीच रोजाना ठेला लगाने को लेकर विवाद होता था, जो मंगलवार को झगड़े में बदल गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी सुमित पटवा पर मामला दर्ज किया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
फल ठेला विवाद में युवक पर हमला, अस्पताल में भर्ती
