कोलकाता (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से 2026 के चुनाव में ममता बनर्जी शासन के अंत और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के गठन की भविष्यवाणी करने के कुछ ही घंटों बाद पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री पर देश की सीमाओं की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया और पहलगाम आतंकी हमले के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
टीएमसी की वरिष्ठ नेता और राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने मीडिया कॉन्फ्रेंस में आश्चर्य जताया कि केंद्रीय गृह मंत्री बंगाल के खिलाफ सभी ‘बेबुनियाद’ आरोप कैसे लगा सकते हैं जबकि यहां से पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी आतंकवाद से लड़ने के लिए वैश्विक नेताओं के सामने भारत की अखंडता और एकता की वकालत कर रहे थे।
सुश्री भट्टाचार्य ने कहा,“हमारा मानना है कि केंद्रीय गृह मंत्री पहलगाम हमले के बारे में भारतीय एजेंसियों को सचेत करने और देश के निर्दोष लोगों को बचाने में विफल रहे और उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल सहित भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ केंद्रीय गृह मंत्रालय की विफलता है और गृह मंत्री को पहले इसे स्वीकार करना चाहिए तथा अपना पद छोड़ देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बंगाल में चुनाव में धांधली के बारे में श्री शाह का दावा भी केंद्र की ओर से ‘विफलता’ है क्योंकि राष्ट्रीय चुनाव निकाय आम चुनाव आयोजित करता है। उन्होंने कहा, “चुनाव केंद्रीय बलों की देखरेख में आयोजित किए जाते हैं जिन्हें केंद्र सरकार द्वारा तैनात किया जाता है, न कि राज्य की ओर से। क्या आप (श्री शाह) स्वीकार करते हैं कि आपकी निगरानी में भी स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं हैं?”
मंत्री ने याद दिलाया,“जिम्मेदारी किसी और पर न डालें, चुनाव के दौरान हिंसा केंद्र की विफलता है, राज्य की नहीं।” उन्होंने कहा,“ऐसा लगता है कि गृह मंत्री अमित शाह के जीवन का एक सरल नियम है, इतने दृढ़ विश्वास के साथ झूठ बोलो कि सुनने वाले को हर उस चीज़ पर संदेह हो जाए जो वे जानते हैं।”
उन्होंने कहा कि नेताजी इंडोर स्टेडियम, जो राज्य सरकार की संपत्ति है, का इस्तेमाल टीएमसी सरकार को बदनाम करने के लिए किया जा रहा है और उन्होंने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात जैसे भाजपा शासित राज्यों को चुनौती दी कि वे देश में किसी भी विपक्ष को ऐसी जगह दें।
सुश्री भट्टाचार्य ने कहा,“हमारी नेता ममता बनर्जी लोकतंत्र में विश्वास करती हैं और पिछले तीन बार से लोगों का जनादेश जीत रही हैं और 2026 में भी ऐसा ही करेंगी।” उन्होंने पूछा, “केंद्रीय गृह मंत्री ने क्या कहा? उन्होंने कहा कि अगर चुनाव के दौरान हिंसा नहीं हुई तो टीएमसी नेताओं की जमानत जब्त हो जाएगी।”
सुश्री भट्टाचार्य ने कहा,“श्री अमित शाह को क्या पता? चुनाव आयोग द्वारा आयोजित किए जाएंगे, लेकिन वे हिंसा के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दोषी ठहराते हैं।” उन्होंने भाजपा पर सत्ता हथियाने के लिए हर मामले का राजनीतिकरण करने का भी आरोप लगाया।
