
ठग ने सोशल साइट पर यह बना रखा था प्रोफाइल 🤞
ग्वालियर। शहर में साइबर ठगों के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में सिरोल थाना क्षेत्र के कादम्बरी नगर निवासी 39 वर्षीय निजी व्यवसायी अनुराग शर्मा के साथ ओएलएक्स पर सस्ती स्विफ्ट डिजायर कार खरीदने के नाम पर 1 लाख 13 हजार 500 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने खुद को आर्मी का जवान बताकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित अनुराग शर्मा ने ओएलएक्स पर स्विफ्ट डिजायर कार (एमपी 07 सीडी 9404) का विज्ञापन देखा था। कार पसंद आने और कीमत रेंज में होने पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, तो कार बेचने वाले ने अपना नाम रंजीत सिंह राणा बताया और खुद को आगरा कैंट में पदस्थ आर्मी का जवान होना बताया।
आर्मी का जवान होने पर विश्वास करके कार का सौदा 1 लाख 50 हजार रुपए में तय हुआ। आरोपी रंजीत राणा ने व्हाट्सएप पर कार के फोटो व दस्तावेज भेजे और कहा कि कागजात ट्रांसफर होने के बाद कार आगरा से ग्वालियर भेज दी जाएगी।
*17 ट्रांजैक्शन में ऐंठे रुपए:* कार के कागजात बनवाने के नाम पर आरोपी ने क्यूआर कोड भेजा, जिस पर पीड़ित ने गूगल पे से 5 हजार रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद गाड़ी भेजने और शेष रकम जमा कराने का दबाव बनाकर 17 ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 1 लाख 13 हजार 500 रुपए ट्रांसफर करा लिए।
इसके बाद रंजीत राणा ने 26,500 रुपए और मांगे। जब अनुराग ने शेष पेमेंट कार आने के बाद देने को कहा, तो रंजीत ने कार भेजने से इंकार कर दिया। इससे पीड़ित को शंका हुई और उसने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की। पीड़ित की शिकायत पर सिरोल थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिरोल थाना टीआई गोविंद बगोली का कहना है कि मामले की जांच साइबर एक्सपर्ट की मदद से की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
साइबर एक्सपर्ट हरेन्द्र सिंह राजपूत व धर्मेन्द्र शर्मा ने सावधान रहने की अपील करते हुए कहा है कि ओएलएक्स या किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फर्जी आर्मी आईडी/यूनिफॉर्म दिखाकर एडवांस पैसे मांगने वाले जालसाजों के झांसे में न आएं। बिना गाड़ी देखे व व्यक्तिगत सत्यापन किए कोई भी ट्रांजैक्शन न करें।
