सीतापुर, 22 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के सधना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को श्रद्धालुओं से भरी एक बस मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि बस में सवार करीब 40 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें तीन श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि तेलंगाना से श्रद्धालु दो बसों में सवार होकर नैमिषारण्य दर्शन के लिए आ रहे थे। सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर मिल्खापुर मोड़ के पास मिल्खापुर निवासी ओमप्रकाश अपनी मोटरसाइकिल मोड़ रहे थे। इसी दौरान श्रद्धालुओं से भरी बस उन्हें बचाने के प्रयास में सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में ओमप्रकाश की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। बस में सवार लगभग 40 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार सधना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर., पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल सहित मछरेहटा, नैमिषारण्य, सिधौली, मिश्रिख और सधना थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन की सहायता से बस को खाई से बाहर निकलवाया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
