तेजी से विकसित राज्य के रुप में पहचान बना रहा है उत्तर प्रदेश: योगी

देवरिया, 22 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान “एक जिला एक उत्पाद”, सुशासन, कानून के राज और तेजी से विकसित हो रहे राज्य के रूप में बन रही है, जबकि पहले प्रदेश की पहचान गुंडाराज और माफियाराज से होती थी। श्री योगी शुक्रवार को देवरिया शहर से सटे पोखरभिंडा गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 655 करोड़ 45 लाख रुपये लागत की 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि देवरिया की जनता ने भाजपा को जिले की सातों विधानसभा सीटों पर विजय दिलाई थी और सरकार ने भी जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित विकास योजनाओं को स्वीकृति देकर विकास कार्यों को गति देने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले समाजवादी पार्टी शासनकाल में प्रदेश की पहचान “एक जिला, एक गुंडा और माफिया” के रूप में होती थी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश “एक जिला, एक प्रोडक्ट”, सुशासन और कानून व्यवस्था के लिए जाना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनता के एक वोट की ताकत से अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बना, जबकि मथुरा, काशी, विंध्यवासिनी धाम और वृंदावन जैसे धार्मिक स्थल अपनी सांस्कृतिक विरासत और पहचान के साथ विकसित हो रहे हैं।

श्री योगी ने कहा कि आज प्रदेश में महिलाएं, बेटियां और व्यापारी सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों के लिए “अगले चौराहे पर यमराज इंतजार करते हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद उत्तर प्रदेश की छवि में व्यापक बदलाव आया है। अपराध, भ्रष्टाचार और अराजकता से बाहर निकलकर प्रदेश ने राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे बेहतर एक्सप्रेस-वे नेटवर्क वाले राज्यों में शामिल हो चुका है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाओं ने प्रदेश में कनेक्टिविटी को नई गति दी है। साथ ही कई नए हवाई अड्डों के संचालन से हवाई यात्रा आम लोगों की पहुंच में आई है।

उन्होंने कहा कि माफियाओं और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है तथा कई माफियाओं को “मिट्टी में मिलाने” का काम किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश निवेश के लिए सबसे सुरक्षित और पसंदीदा राज्यों में गिना जा रहा है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश में अराजकता का माहौल रहता था, जबकि वर्तमान “डबल इंजन” सरकार महिलाओं, किसानों और आम जनता के जीवन स्तर को सुधारने के साथ विकास को नई दिशा दे रही है।

 

 

Next Post

नया बिजलीघर बनाना सरकार के वश में नहीं: अखिलेश

Fri May 22 , 2026
लखनऊ, 22 मई (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश में व्याप्त बिजली संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तंज कसते हुये कहा कि बिजली के नये संयंत्र लगाना सरकार के वश की बात नहीं है। श्री यादव ने एक्स […]

You May Like