
उज्जैन। बाबा महाकाल की पहली सवारी में श्रद्धालुओं के साथ वारदात करने निकली गैंग को पुलिस ने हिरासत में लिया है। गैंग में शामिल महिलाओं ने रेलवे स्टेशन पर की गई दो वारदात कबूल की है। गैंग के पुरुष सदस्यों से धारदार हथियार भी मिलना सामने आया है।
महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि सावन का पहला सोमवार होने पर महाकाल मंदिर क्षेत्र और शाम को निकली बाबा महाकाल की सवारी मार्ग पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ थी। सुबह के समय हरसिद्धि चौराहा पर कुछ महिलाओं के साथ चैन मंगलसूत्र चोरी होने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने संदिग्धों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। कुछ घंटे में ही राजस्थान के भरतपुर से आई महिलाओं की गैंग में शामिल गुड्डूीबाई, नरेशबाई, रेखा, नीतू, सानिया, सपना को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
महिलाओं की गैंग में कुछ पुरुष भी शामिल थे। जिसमें भरतपुर का दीरपाल, जयपुर का सुरेश, रामगंज मंडी का सूरज पिता बंसीलाल, पंजाब भटिंडा का सूरत पिता रमेश, भोपाल के गांधीनगर का मुकेश और अनिल भी शामिल थे। जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया। गैंग के पुरुष सदस्यों के पास से चाकू और बक्के बरामद किए गए हैं।
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि गैंग सवारी मार्ग और मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के साथ चेन चोरी मोबाइल स्नैचिंग और पर्स चुराने की वारदात करने निकली थी। गैंग में शामिल एक महिला से हरसिद्धि चौराहे पर हुई महिला श्रद्धालु के साथ मंगलसूत्र चोरी की वारदात में सोने का पेंडल बरामद किया गया है।
वारदात के बाद उसने मंगलसूत्र अपनी मां को दे दिया था जो पुलिस की गिरफ्त में नहीं आई है। थाना प्रभारी ने बताया कि हिरासत में आई गैंग से पूछताछ में कुछ समय पहले रेलवे स्टेशन पर की गई दो चेन चोरी की वारदातों का खुलासा भी हुआ है। रेलवे स्टेशन पर हुई वारदात में शामिल महिलाओं को आरपीएफ पुलिस के हवाले किया जाएगा। फिलहाल गैंग से पूछताछ जारी है।
भीड़ में कई लोगों के साथ हुई वारदात
बाबा महाकाल की सवारी देखने के लिए देशभर के राज्यों से करीब 7 लाख से अधिक श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे थे। सवारी मार्ग दो थाना क्षेत्र का था शाम 4 बजे महाकाल मंदिर से सवारी निकाली गई थी जो 3.30 घंटे नगर भ्रमण पर रही और खारा कुआं थाना क्षेत्र की सीमा से होते हुए महाकाल मंदिर पहुंची। सवारी मार्ग पर कई श्रद्धालुओं के साथ वारदात होना सामने आया। जिसमें महाकाल थाना क्षेत्र के मार्ग पर बदमाशों ने चेन मोबाइल और पर्स के साथ मंगलसूत्र चोरी किया। वहीं खाराकुआं थाना क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं के मोबाइल और दो महिलाओं के गले से मंगलसूत्र चैन चोरी होना सामने आया। मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस द्वारा साइबर की मदद से लोकेशन ट्रेस कर बदमाशों की जानकारी जुटाना का प्रयास किया जा रहा है।
