इंदौर। अलीराजपुर जिले के कट्ठीवाड़ा ब्लॉक शिक्षा कार्यालय से 20.47 करोड़ रुपये के गबन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धार जिले में स्थित 56 रिहायशी प्लॉट अटैच किए हैं. जब्त संपत्तियों की बाजार कीमत 6 करोड़ रुपए से अधिक बताई गई है.
ईडी की अधिकृत जानकारी के अनुसार वर्ष 2018 से 2023 के बीच ब्लॉक शिक्षा कार्यालय कट्ठीवाड़ा से फर्जी बिलों के जरिए सरकारी राशि का गबन किया था. मामले में कमल राठौर और उसके सहयोगियों पर खजाने से निकाली गई रकम को विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से ठिकाने लगाने का आरोप है. जांच में सामने आया कि राशि का बड़ा हिस्सा नकद निकालकर धार जिले के गंधवानी क्षेत्र में कृषि भूमि खरीदने में लगाया गया. जांच एजेंसी के मुताबिक बाद में इसी जमीन को विकसित कर श्री बालाजी धाम नाम से रिहायशी प्लॉटिंग की गई, ताकि गबन की रकम से खरीदी गई संपत्ति को वैध रूप दिया जा सके. इसी परियोजना के 56 प्लॉट अब ईडी ने अटैच किए हैं. इस मामले में ईडी पहले भी आरोपियों की 4.43 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच कर चुकी है, जिसकी पुष्टि मार्च 2026 में हो चुकी है. मुख्य आरोपी कमल राठौर को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है. उसके खिलाफ और अन्य आरोपियों के खिलाफ विशेष पीएमएलए न्यायालय इंदौर में अभियोजन शिकायत भी पेश की जा चुकी है. मामले में ईडी की जांच अभी जारी है.
