सतना: मैहर के सरला नगर रोड पर रविवार की रात हुए भीषण सडक़ हादसे में जहां बाइक सवार 3 युवकों की मौत हो गई वहीं चौथे की हालत गंभीर बनी हुई है. दुर्घटना बाइक को अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारने के कारण हुई. पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के निवासी 4 युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मैहर से सरला नगर की ओर जा रहे थे.
बताया गया कि रविवार की रात लगभग 8 बजे जैसे ही उनकी बाइक सरला नगर रोड पर पहुंची. वैसे ही किसी अज्ञात वाहन ने जबरदस्त टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ओर जहां बाइक के परखच्चे उड़ गए वहीं दूसरी ओर उस पर सवार 3 युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. जबकि बाइक सवार चौथा युवक गंभीर तौर पर घायल होकर तड़पने लगा. घटना होती देख आस पास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर 34 युवकों को ब्रॉट डेड घोषित कर दिया गया.
मृतक युवकों की पहचान शैलेंद्र कुशवाहा 25, अमति दाहिया 24 और रजनीश कुशवाहा 25 सभी निवासी ग्राम डांडी थाना कोतवाली मैहर के तौर पर हुई. वहीं गंभीर तौर पर घायल युवक की पहचान धनवाही निवासी 20 वर्षीय युवक आनंद कुशवाहा के तौर पर हुई. आनंद के सिर में आई गंभीर चोट के चलते उसे आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल सतना के लिए रेफर कर दिया गया. जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. चिकित्सक के अनुसार सिर पर गंभीर चोट लगने और अधिक खून बह जाने के कारण तीनों युवकों की मौत हुई. मृतक व घायल सभी युवक किसान परिवार से ताल्लुक रखते थे और पढ़ाई कर रहे थे.
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलने पर भाग कर मैहर पहुंचे परिजनों के बीच कोहराम मच गया. अपने मृत बच्चों की हालत देखकर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया. पुलिस ने किसी तरह समझाइस देते हुए मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी पहुंचाया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज करते हुए दुर्घटना कारित करने वाले वाहन के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.
