
रीवा, दीपावली पर्व के पांच दिवसीय प्रकाश उत्सव में प्रदेश भर में गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया गया. रीवा में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने लक्ष्मणबाग गौशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन पूजा की. उप मुख्यमंत्री ने गौ माता की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा गौ माता को भंडारा कराया.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए तथा गोपालकों को संबोधित किया. मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से गोपाल कृष्ण गोपालक पुरस्कार के विजेताओं की राशि तथा प्रदेश की 3000 से अधिक गौशालाओं के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपए की अनुदान राशि सिंगल क्लिक से प्रदान की. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा गौ सेवा और प्रकृति के संरक्षण का संदेश देती है. भगवान कृष्ण ने गोपालकों की रक्षा करने और इंद्र के अहंकार को मिटाने के लिए गोवर्धन पर्वत धारण किया. गौ माता में देवी देवताओं का वास होता है. गौ माता की सेवा और पूजा से ही भारत माता की जय होगी. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा तेजी से चतुर्दिक विकास कर रहा है. यह विकास ईश्वर की कृपा और गौ माता के आशीर्वाद से ही हो रहा है. सडक़ों पर बेसहारा और असहाय गौ माता के आश्रय और सेवा के लिए लक्ष्मणबाग, बसावन मामा गौ अभ्यारण और हिनौती गोधाम में समुचित व्यवस्था की गई है. गौ माता की पवित्रता का सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि उनके गोबर और गोमूत्र का उपयोग पूजा में होता है. कार्यक्रम में आचार्य व्यंकटेश बाला शास्त्री, कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी, अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सृष्टि देशमुख सहित अधिकारीगण मौजूद रहे.
