
गणेशगंज, जनपद पंचायत लखनादौन अंतर्गत ग्राम पंचायत गुंगवारा के ग्राम धोरिया में इन दिनों एक नाला ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बना हुआ है। नाले पर पुल निर्माण नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। इसका सबसे अधिक खामियाजा स्कूली बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार नाले में पानी बढ़ने पर एंबुलेंस मरीजों के घर तक नहीं पहुंच पाती, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को नाला पार कर मुख्य मार्ग तक लाने की मजबूरी बनी हुई है। वहीं स्कूली बच्चों को भी समय पर स्कूल पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार परिजन और स्थानीय लोग जनसेवा की भावना से लोगों को नाला पार कराते नजर आते हैं।
*हाल ही में कोटवार की हो चुकी है मौत*
ग्रामीणों की परेशानी इस बात से और गंभीर हो जाती है कि हाल ही में इसी नाले में बहने से नजदीकी ग्राम के कोटवार की मौत हो चुकी है। इस घटना के बावजूद नाले पर स्थायी पुल निर्माण को लेकर जिम्मेदार विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक ठोस पहल नजर नहीं आने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
*2022 में भी उठ चुका है पुल निर्माण का मुद्दा*
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय जनपद सदस्य एवं विधायक द्वारा वर्ष 2022 में नाले पर पुल निर्माण को लेकर प्रयास किए गए थे, लेकिन विभागीय स्तर पर मामला आगे नहीं बढ़ सका। वर्षों बीतने के बाद भी पुल निर्माण नहीं होने से धोरिया सहित आसपास के ग्रामीणों को मूलभूत आवागमन सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में नाला पार करना जान जोखिम में डालने के समान है। इसके बावजूद जिम्मेदारों द्वारा अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए नाले पर जल्द पुल निर्माण कराया जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से पहले समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
*इनका कहना है*
मेरे द्वारा 2022 में सबसे पहले इसी फाइल को
विधायक से अनुशंसा पत्र लिखाकर तैयार किया गया था। जिसकी जियो टैगिंग से लेकर तमाम प्रोसेस खुद मेरे द्वारा कराई गई यही नहीं जिला सीईओ,कलेक्टर, तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह चौहान तक मामले को भेजा गया था। परंतु फाइल जनपद पंचायत आने के बाद मामले में किसी ने गंभीरता नही दिखाई।
हालाकी अभी वीडियो वायरल होने के बाद मैने मौके पर जाकर देखते हुए फाइल, आवेदन सहित अन्य दस्तावेज़ पुनः जनपद सीईओ जिला कलेक्टर तक पहुंचाया है। आगे जो प्रयास करना होगा में करूंगा ।
*अजय सिंह ठाकुर क्षेत्रीय जनपद सदस्य गणेशगंज*
उक्त मामला मेरे संज्ञान में आया है उसमें जॉच दल गठित किया गया है आज शाम तक रीपोर्ट आ जाएगी। मुझे प्रथमिक जानकारी जो प्राप्त हुई है उसके हिसाब से 75 मीटर लगभग पुल है जिसमें 50 लाख से अधिक खर्च का अनुमान लगाया गया है। जिसकी जानकारी जिला सीईओ को दे दी गई है।
*नीलेश बर्मन जनपद सीईओ लखनादौन*
