नयी दिल्ली, 18 फरवरी (वार्ता) निजी विमानन सेवा कंपनी इंडिगो ने एक्सिस बैंक के साथ दो को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड पेश करने की घोषणा की है। दोनों कंपनियों की साझा प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इंडिगो एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड और इंडिगो एक्सिस बैंक प्रीमियम क्रेडिट कार्ड रुपे और वीजा नेटवर्क पर उपलब्ध हैं। ग्राहकों को इंडिगो के लॉयल्टी प्रोग्राम ‘इंडिगो ब्लूचिप’ का भी लाभ मिलेगा।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि ग्राहक रोजमर्रा की खरीदारी और यात्रा से संबंधित लेनदेन पर सुविधाजनक और बिना किसी झंझट के रिवॉर्ड प्वाइंट अर्जित कर सकेंगे। इंडिगो की उड़ानों के टिकट बुक कराने और संबंधित खर्चों पर अधिक रिवॉर्ड मिलते हैं।
ग्राहकों को शुरुआती और नवीनीकरणीय लाभ, माइलस्टोन रिवॉर्ड्स तथा लाइफस्टाइल विशेषाधिकारों का एक व्यापक पैकेज भी मिलेगा जिसमें लाउंज एक्सेस, एंटरटेंमेंट के ऑफर, डाइनिंग पर छूट और कार्ड वेरिएंट के अनुसार विदेशी मुद्रा विनिमय में लाभ शामिल है। इंडिगो एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड की कीमत 799 रुपये रखी गयी है और यह खुदरा ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है जबकि समृद्ध ग्राहकों को ध्यान में रखकर इंडिगो एक्सिस बैंक प्रीमियम क्रेडिट कार्ड की कीमत पांच हजार रुपये तय की गयी है।

